फर्रुखाबाद , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज कोतवाली पुलिस ने गोवध अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के अताईपुर गांव निवासी चंदा मियां गोवध अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार देर रात चंदा मियां को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गोवध में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे बरामदगी के लिए रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 12:45 बजे मीरपुर-कलाखरजे मार्ग स्थित झाड़ियों के पास लेकर गई।

पुलिस के अनुसार झाड़ियों से हथियार बरामद करते समय आरोपी ने एक तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चंदा मियां के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा गोवध में प्रयुक्त बांका, छुरी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित