फर्रुखाबाद , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने की झूठी सूचना पुलिस को देने के मामले में जहानगंज थाना पुलिस ने गृहस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी बताए गए सभी जेवरात और नकदी बरामद कर ली है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जहानगंज थाना क्षेत्र के महेरूपुर खार गांव निवासी प्रदीप कुमार उर्फ रिंकू ने 21 अगस्त को डायल-112 पर अपने घर से करीब 20 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटना संदिग्ध लगी।

इसके बाद उपनिरीक्षक बृजेश यादव की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। जहानगंज थाना प्रभारी निरीक्षक पूनम अवस्थी ने शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी बताए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में प्रदीप कुमार ने बताया कि उसने अपनी पत्नी से जेवरात छिपाने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेजने की कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित