फर्रुखाबाद , मार्च 16 -- फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में अन्य आरोपियों के साथ करीब 10 वर्ष पहले मृत व्यक्ति के नाम एफआईआर दर्ज होने का मामला हैरानी और चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम गांधी निवासी अनुज ने 13 मार्च को सायं करीब सात बजे गांव में अपने साथ मारपीट होने की तहरीर राजेपुर थाने में दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राममूर्ति, विजय, अभिषेक तथा विनोद निवासी ग्राम गांधी के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी बनाए गए विनोद की करीब दस वर्ष पहले चार फरवरी 2016 को मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में मृत व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आने के बाद यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

राजेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित सही हैं या नहीं, यह विवेचना का विषय है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित