फर्रुखाबाद , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज कोतवाली पुलिस ने सूरज सिंह हत्याकांड में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अलाहादादपुर में चार मार्च की देर शाम किसी विवाद को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने 62 वर्षीय सूरज सिंह उर्फ सरवन सिंह के घर में घुसकर उनके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस घटना में सूरज सिंह और उनकी पत्नी मीरा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों घायलों को उपचार के लिए कायमगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने सूरज सिंह को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पुत्र आदेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक के पड़ोस की निवासी रजनी पत्नी जसवंत सिंह और सविता पत्नी अरविंद को हत्या में प्रयुक्त मोटे डंडों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित