फर्रुखाबाद , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के आदर्श थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र में शुक्रवार को एक डीसीएम ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पकरिया का निवासी मुकेश कुमार (50) हर राेज शहर की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करने के लिए साइकिल से आया जाया करता था। आज सुबह करीब 8:30 बजे अपनी साइकिल से सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी खत्म कर अपने घर वापस लौट रहा था कि आदर्श थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के ग्राम ढिला बल चौराहा और रेलवे अंडरपास के मध्य तेज रफ्तार की एक डीसीएम ट्रक के चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल गार्ड को फर्रुखाबाद के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया जहां सरकारी चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित