फर्रुखाबाद , मई 2 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। तहसील अमृतपुर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 114 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 48, पुलिस विभाग की 22, विद्युत विभाग की 3, विकास विभाग की 18, खाद्य एवं रसद विभाग की 5 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर केवल 2 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि 5 महत्वपूर्ण प्रकरणों पर उसी दिन सायं तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर लेखपाल उत्कर्ष दुबे एवं ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने तथा शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया। समाधान दिवस के अवसर पर तीन लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनाकर मौके पर ही वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित