फर्रुखाबाद , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार को 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 6720 अभ्यर्थियों में से 5471 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1249 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन, सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ तथा राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है तथा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर संबंधित उपजिलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित