फर्रुखाबाद , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एंटी करप्शन कानपुर की टीम ने बुधवार को याकूतगंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता (जेई) अजीत राजपूत और एसएसओ चंद्रभान को एक किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया।

सूत्रों के अनुसार, याकूतगंज विद्युत उपकेंद्र के जेई अजीत राजपूत ने गगौरा गांव निवासी किसान मंसाराम से विद्युत कनेक्शन कराने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन कानपुर की टीम से की थी। शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को कार्रवाई की योजना बनाई और मौके पर पहुंचकर जाल बिछाया। आरोप है कि जेई ने स्वयं रिश्वत लेने के बजाय एसएसओ चंद्रभान को किसान से रकम लेने के लिए भेजा।

किसान से 10 हजार रुपये लेते ही एंटी करप्शन टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। टीम दोनों को फतेहगढ़ कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को टीम अपने साथ कानपुर ले गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित