फर्रुखाबाद , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की सदर तहसील अंतर्गत मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम सकवाई निवासी सुधीरा देवी (60) रविवार प्रातः करीब आठ बजे अपने घर से दूध लेने के लिए निकली थीं। घर से कुछ ही दूरी पर नीम के पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर वृद्ध महिला अपनी जान बचाने के लिए घर की ओर भागीं, लेकिन मधुमक्खियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। इस दौरान परिजनों ने मधुमक्खियों को भगाने का प्रयास किया, जिसमें परिवार के कुछ सदस्य भी घायल हो गए।
ग्रामीणों ने धुआं कर किसी तरह मधुमक्खियों को भगाया और गंभीर रूप से घायल तथा अचेत अवस्था में वृद्ध महिला को एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं सदर तहसील के प्रभारी तहसीलदार सनी कनौजिया ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचा था और घटना की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से ऐसे मामलों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का कोई प्रावधान नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित