फर्रुखाबाद , मई 30 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज क्षेत्र में शनिवार को भीषण अग्निकांड में पांच झोपड़ियां जलकर राख हो गईं तथा 20 मवेशियों की मौत हो गई। घटना में लाखों रुपये की गृहस्थी का सामान भी नष्ट हो गया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार कायमगंज थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर तैहैया ग्राम के मजरा नगला हन्या में दोपहर के समय एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। भीषण गर्मी, लू और तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते आसपास की अन्य झोपड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। सूचना मिलने पर फतेहगढ़ से अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निकांड में नन्हे, कल्लू, सुरेश, रविंद्र और मुकेश की झोपड़ियां पूरी तरह जल गईं। झोपड़ियों में रखा गेहूं, आटा, दाल, चावल, तेल, कपड़े, रजाइयां, बर्तन और नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया। नन्हे की 20 भेड़ें भी आग की चपेट में आकर जिंदा जल गईं।

घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया। आग बुझाने के दौरान कुछ ग्रामीण मामूली रूप से झुलस गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराए जाने की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित