फर्रुखाबाद , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में अमृतपुर थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के मुठभेड़ के दौरान ओमवीर राठौर हत्याकांड के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी और एक सिपाही दोनों घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि ओमवीर राठौर हत्याकांड में पहले गिरफ्तार मुख्य आरोपी रामू यादव की निशानदेही पर बुधवार को एक खेत में गड्ढे में दबा कंकाल बरामद किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में फरार दूसरे आरोपी सुरजीत यादव की तलाश की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर अमृतपुर थाना पुलिस ने गुजरपुर पमारान गांव के पास पुलिया के समीप घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी सुरजीत यादव ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें सुरजीत यादव के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान सिपाही वसीम भी घायल हो गए।
दोनों घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से आरोपी की हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित