फर्रुखाबाद , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में जमीन बेचने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने पिता की ईट से कुचल कर हत्या कर दी और फरार हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोहिला निवासी रामदास (68) का बेटे श्याम उर्फ रामू से बीती मध्य रात में जमीन बेचने के लिए विवाद हुआ। इसके बाद पिता रामदास जब गहरी नींद में सोया हुआ था तभी श्याम उर्फ रामू ने उसकी चारपाई को पलट दिया और ईट से कुचलकर पिता की हत्या कर दी।

आज सुबह ग्रामीण अपने जानवरों को चारा डालने के लिए निकले तो उन्होंने रामदास के शव को लहुलुहान हालत में देख पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। श्री सिंह ने बताया कि पिता की हत्या करने के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और गिरफ्तारी जल्दी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित