फर्रुखाबाद , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद से जुड़े डॉ. जाकिर हुसैन ट्रस्ट को धर्मार्थ चिकित्सालय के लिए आवंटित 25 एकड़ भूमि का पट्टा शर्तों का अनुपालन न करने और निर्धारित अवधि पूर्ण होने पर निरस्त करने की संस्तुति की गई है। विधानसभा अमृतपुर से भाजपा विधायक सुशील शाक्य ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा उन्हें पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कायमगंज तहसील क्षेत्र के नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग स्थित गाटा संख्या 1625 (रकबा करीब 25 एकड़) भूमि एक अप्रैल 1995 को 30 वर्ष की अवधि के लिए डॉ. जाकिर हुसैन ट्रस्ट को धर्मार्थ चिकित्सालय निर्माण के लिये पट्टे पर दी गई थी। जांच में पाया गया कि पट्टेदार द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया गया तथा 1 अप्रैल 2025 तक चिकित्सालय का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया। इसके अलावा भूमि का उपयोग निजी लाभ के लिए किए जाने के भी तथ्य सामने आए हैं।

विधायक के अनुसार, पट्टा अवधि पूर्ण होने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियम-51 के तहत 19 फरवरी को कब्जा लेने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिये सूचना जारी की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय समिति मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी कायमगंज ने 30 मई 2025 को स्थलीय निरीक्षण और अभिलेखीय जांच के बाद अपनी आख्या प्रस्तुत की।

समिति ने अपनी रिपोर्ट में पट्टा शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि करते हुए उक्त भूमि का पट्टा निरस्त कर इसे पुनः लोकहित में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधीन दिए जाने की संस्तुति की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित