फर्रुखाबाद , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस ने महिला से सोने के कुंडल लूटने के मामले में एक शातिर लुटेरे और उसके साथी बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने और बाल अपचारी के विरुद्ध जुवेनाइल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि 25 मार्च की सुबह फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिजाधरपुर पाल नगला स्थित यश पैलेस के पास बाइक सवार बदमाशों ने संतोष पाल की मां के कानों से सोने के कुंडल लूटकर फरार हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक संतकुमार और एसओजी प्रभारी सचिन सिंह चौधरी की टीम ने शनिवार देर रात याकूतगंज-सेंट्रल जेल मार्ग पर नगला बाग के पास चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान पुलिस ने शातिर लुटेरे निखिल कटियार निवासी राजा नगला रम्पुरा (कोतवाली फतेहगढ़) और उसके साथी एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए सोने के कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने निखिल कटियार को जेल भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित