फर्रुखाबाद , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा फर्रुखाबाद के जिला प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह गुरुवार को शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने यात्रा के शुभारंभ से पूर्व पटेल पार्क स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम के तहत पलरा स्थित पटेल पार्क में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए। मंत्री जयवीर सिंह के साथ अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने भी सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने बैंड की धुनों के बीच वंदे मातरम् का गायन प्रस्तुत किया। बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चंद्र वर्मा ने प्रभारी मंत्री का फूलमालाओं से स्वागत किया। सूत्रों के अनुसार मंत्री जयवीर सिंह के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा पटेल पार्क से प्रारंभ होकर महादेवी प्रतिमा, चौक बाजार, नेहरू रोड, लालसराय और लाल गेट होते हुए रोडवेज बस अड्डा स्थित महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता और देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद सहित पुलिस बल के जवान तैनात रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित