फर्रुखाबाद , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को डीसीएम और ऑटो की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बरेली-इटावा हाईवे पर जमापुर मोड़ से आगे समृद्धि कोल्ड स्टोरेज के निकट दोपहर करीब 12:45 बजे एक डीसीएम और ऑटो में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित 13 यात्री सवार थे। दुर्घटना में जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम हव्वापुर निवासी सत्येंद्र (35), उनकी पत्नी तनु (30) तथा उनका 16 माह का पुत्र युवराज की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ऑटो सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भिजवाया।

घायलों में रमेश (55), पवन (22), अंशु (26), राज (4), बिट्टा (25) निवासी इंदिरा नगर कस्बा कमालगंज, रामकरन जाटव (36), पुष्पा (45), नन्ही (52) और बेबी (5) निवासी ग्राम हव्वापुर थाना जहानगंज शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार रामकरन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ टेंपो से शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के गांव मनिहार जा रहे थे। ऑटो चालक दिलीप कुमार (40) वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन और लोडर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित