फर्रुखाबाद , अगस्त 14 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर डंपर की चपेट में आने से एक कांवड़िये की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई।

पुलिस के अनुसार जहानगंज थाना क्षेत्र के गदाखेड़ा गांव निवासी शिव कुमार (22) अपने करीब 55 साथियों के साथ कादरीगेट थाना क्षेत्र स्थित गंगा पंचाल घाट से गुरुवार रात लगभग नौ बजे गंगाजल लेकर गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ था। कांवड़ियों का जत्था राजेपुर थाना क्षेत्र के गदिया गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने शिव कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक अजय वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित