फर्रुखाबाद , मई 09 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ठेली दुकानदार युवक का शव पुलिया के समीप तालाब में मिलने से सनसनी फैल गयी।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प एवं पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर निवासी बृजेश (24) ठेली लगाकर जीविकोपार्जन करता था और शराब पीने का आदी था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह गांव के समीप स्थित शराब ठेके पर शराब पीने गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे उसका शव शराब ठेके से कुछ दूरी पर स्थित पुलिया के पास तालाब में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नवागंतुक थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। इसी दौरान परिजन और ग्रामीण मृतक का शव शराब ठेके पर ले जाने लगे, जिसका पुलिस ने विरोध किया।
इस बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और पथराव शुरू हो गया, जिसमें उपनिरीक्षक कपिल कुमार समेत नागेंद्र, विष्णु और कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों की भीड़ को नियंत्रित कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम कर दी है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित