फर्रुखाबाद , मई 23 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र में प्याज से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक असंतुलित होकर पलट जाने से चालक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को बताया कि कमालगंज कस्बा क्षेत्र से शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली प्याज लादकर फर्रुखाबाद स्थित अर्राह पहाड़पुर सब्जी मंडी के लिए रवाना हुई थी। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली थाना क्षेत्र के ग्राम रजीपुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के सामने से गुजर रही थी, तभी वह अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में चालक सहित तीन लोग घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों सुरेंद्र कुमार (35), अवनीश तथा विपिन को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित