फर्रुखाबाद , मई 20 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के ट्रेन से कटकर एक महिला की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूर्वोत्तर रेलवे के शमशाबाद स्टेशन से कुछ दूरी पर पोल संख्या 155/2 के पास गांव खुडनावैध के समीप रेलवे ट्रैक की जांच कर रहे रेलवे मेठ ने सुबह करीब 5:30 बजे एक महिला का शव ट्रैक पर पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना शमशाबाद स्टेशन मास्टर को दी गई।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भिजवाई। बाद में मृतका की पहचान शशि (50) पत्नी बृजेश गंगवार निवासी क्षेत्रीय गांव के रूप में हुई। मृतका के पति बृजेश गंगवार ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी बुधवार तड़के करीब पांच बजे गांव के बाहर बने नए मकान पर जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वहां नहीं पहुंचीं। बाद में उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित