फर्रुखाबाद , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक हलवाई की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी बाल-बाल बच गया।

पुलिस उपनिरीक्षक सूर्य प्रकाश के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रुखैइया निवासी करीब 55 वर्षीय रामबाबू हलवाई अपने साथी रामदीप के साथ मोटरसाइकिल से समीपवर्ती गांव में वार्षिक संस्कार के कार्यक्रम में खाना बनाने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे ग्राम अचरा के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटरसाइकिल चालक रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे उनके साथी को मामूली चोटें आईं।

घायल रामबाबू को पहले एक निजी नर्सिंग होम और बाद में फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित