फर्रुखाबाद , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में विश्व क्षय रोग दिवस पर, टीबी मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को जिला मुख्यालय फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में, जिले में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

श्री द्विवेदी ने कहा कि टीबी (क्षय रोग) को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं आमजन से अपील की कि वे टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाएं तथा समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित कराएं। यहां आयोजितसमारोह में जनपद की 03 वर्ष से अधिक समय से, टीबी मुक्त 08 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड मेडल, 02 वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 68 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सिल्वर मेडल तथा 01 वर्ष से अधिक समय से टीबी मुक्त 164 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को ब्रॉन्ज मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन प्रधानों ने अपने क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने में महत्व पूर्ण भूमिका निभाई है। जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित प्रधानों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य ग्राम पंचायतों को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए बताया कि जनपद की सभी 580 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाना लक्ष्य है।

इस अवसर पर टीबी उन्मूलन में बेहतर कार्य करने वाले 23 निश्चय मित्रों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

एडिशनल मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने, टीबी उन्मूलन हेतु संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में सक्रिय रूप से टीबी मरीजों की खोज, जांच एवं उपचार का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम केउपरांतजिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने, टीबी के प्रति जनजागरूकता हेतु "निश्चय वाहन" को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित