फर्रुखाबाद , सितंबर 06 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गंगा और उसकी सहायक नदी राम गंगा में निरंतर जल स्तर बढ़ने से 102 गांवों के लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है।
सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित गंगा पांचाल घाट पर प्रातः 8:00 बजे गंगा का जलस्तर 137.00 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया, जो खतरे के निशान से मात्र 10 सेंटीमीटर नीचे है। नरौरा स्केपिग से 96219 क्यूसेक जल छोड़ गया, जिससे गंगा में जलस्तर और बढ़ाने की संभावना उत्पन्न हो गई।
इसके अलावा जिले में राजेपुर थाना क्षेत्र में गंगा की सहायक रामगंगा नदी में, खतरे का निशान 137.10 सेंटीमीटर है। रामगंगा का जलस्तर 136.60 सेंटीमीटर रिकॉर्ड किया गया जो चेतावनी बिंदु के निशान पर है। रामगंगा में , खो बैराज, हरेली बैराज रामनगर बैराज से कुल 23167 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
इधर गंगा में बाढ़ के प्रभाव से ग्राम शेरापुरा सराय मजरा कुंडपुरा तथा तौफीक की मडैय्यां में तेजी से शुरू हुए कटान को रोकने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि बदायूं- फर्रुखाबाद मार्ग पर जो अमृतपुर तहसील स्थित गाव चित्रकूट के समीप में सडक डिव के ऊपर पानी की धार बहने से आम यातायात प्रभावित हो गया । इसके अलावा अन्य मार्गों के भी जलमग्न होने से बाढ़ पीड़ितों के आवागमन की दिक्कतें उत्पन्न हो गई।
जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में बाढ़-विभीषका से निपटने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी एवं युध्दस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग टीमों का सघन जांच अभियान गांव गांव पहुंचकर मरीज को उपचार की सहायता प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर के निर्देशन पर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आनंद उपाध्याय द्वारा अब तक गठित की गई 198 चिकित्सा टीमें लगातार बाढ़ क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं, अब तक 23811 लोगों का उपचार, 19363 ओआर एस पैकेट तथा 29419 क्लोरीन टैबलेट वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय टीम में निरंतर भ्रमण करते हुए मरीज को तत्काल पहचान कर उन्हें आवश्यकता अनुसार चिकित्सा उपचार एवं उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर करने का कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित