फर्रुखाबाद , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुये हिंसक खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऊलियापुर निवासी बांकेलाल (35) एवं राजकुमार का ग्राम चिरौली निवासी दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र व करन से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था।
कोतवाली क्षेत्र के बाईपास रोड पर मेहंदिया वाली मजार के पास, एक तंबाकू गोदाम स्वामी संजय अग्रवाल ने बांकेलाल व राजकुमार को आज दूसरे पक्ष से बातचीत के लिए बुलाया था। सुबह करीब दस बजे दोनो पक्ष के लोग कोतवाली क्षेत्र के जौरा रोड स्थित मेहंदिया वाली मजार के पास एकत्र हुए। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि देखते देखते पुष्पेंद्र, करन आदि ने लाठी डंडे से बांकेलाल व राज कुमार पर हमला बोल दिया।
इस दौरान दोनों पक्षों में हिंसक खूनी संघर्ष होने में एक पक्ष के बांकेलाल और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए ,वहीं दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र व करन भी घायल हुए। दोनों पक्षो के सभी घायलों को कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए ले जाएगा जहां युवक बांकेलाल की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर करके फर्रुखाबाद के डॉक्टर राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित