फर्रुखाबाद , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा फर्रुखाबाद जिले की कुठला झील पर ईको टूरिज्म विकसित करने की करीब 241.90 लाख रुपये की परियोजना प्रस्तावित की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने ग्राम नगला हूसा स्थित कुठला झील का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। इस परियोजना के तहत झील क्षेत्र को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि विकास कार्यों में प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि झील को इस प्रकार विकसित किया जाए कि पर्यटकों को सुरक्षित और आकर्षक वातावरण मिले तथा स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को कोई नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने पाथवे, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश द्वार, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा जैसे बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हों। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित