फर्रुखाबाद , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर कलयुगी बेटों ने अपने वृद्ध पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी बेटे को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरा फरार है। पुलिस उपाधीक्षक अजय वर्मा ने मंगलवार को बताया कि मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के ग्राम अरार्हा पहाड़पुर निवासी रामसनेही (70) अपने बेटों ओमकार और अनिल के साथ घर में रहते थे। जमीनी विवाद के चलते रामसनेही ने अपनी कुछ जमीन अपने भतीजे को दे दी थी, जिससे दोनों बेटे उनसे नाराज रहते थे।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे रामसनेही घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उनके बेटों ओमकार और अनिल ने धारदार हथियार से हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घर में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और घटना की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

घटना के बाद एक आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी ओमकार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित