फर्रुखाबाद , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कम्पिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ई-रिक्शा की चपेट में आने से पांच वर्षीय छात्र की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कम्पिल क्षेत्र के रायपुर चिघतपुर गांव निवासी अर्जुन (5) प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था, वह सुबह करीब साढ़े दस बजे घर से स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान कम्पिल से अटैना घाट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी।
दुर्घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और ई-रिक्शा भी पलट गया। मौके पर जुटे ग्रामीण उसे उपचार के लिए कायमगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ जिला अस्पताल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है तथा मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित