फर्रुखाबाद , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में खेत में रखी मढ़ैया में आग लगने से एक किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कपिल थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर चिनहटपुर नगरा निवासी किसान ओमकार (45) रविवार रात फसल की रखवाली के लिए गांव से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में बनी मढ़ैया में सोने गया था। उसी दौरान पड़ोसी नगला निवासी किसान रामऔतार (60) भी उसके साथ मढ़ैया में ठहर गया।

सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मढ़ैया में अचानक आग लग गई। गहरी नींद में सो रहे दोनों किसान इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में ओमकार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि रामऔतार गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घायल रामऔतार को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित