फर्रुखाबाद , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में सदर तहसील अधिवक्ता महासभा के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करते हुए शुक्रवार को पांच सदस्यीय वरिष्ठ अधिवक्ताओं की एल्डर्स कमेटी का गठन किया गया।
वरिष्ठ अधिवक्ता एवं फर्रुखाबाद तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मंजेश कटियार के चेंबर में वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश कुमार सक्सेना की अध्यक्षता में अधिवक्ता महासभा की आवश्यक बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से तहसील अधिवक्ता महासभा का चुनाव कराने के लिए एल्डर्स कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया।
इसके बाद सर्वसम्मति से पांच सदस्यीय कमेटी में वरिष्ठ अधिवक्ता दयाशंकर तिवारी, प्रद्युम्न कुमार गुप्ता, प्रवीण चंद्र सक्सेना, विपिन बिहारी सक्सेना और ओम प्रकाश सिंह राठौर को शामिल किया गया। सभी सदस्यों के नामों की विधिवत घोषणा की गई।
नवगठित एल्डर्स कमेटी के सदस्यों ने हस्ताक्षर कर अपनी सदस्यता स्वीकार की। बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने कमेटी के गठन पर सहमति जताते हुए चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी समिति को सौंपी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित