फर्रुखाबाद , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने रविवार को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के उखरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 926.77 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का उन्होंने गहनता से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) ने बताया कि विद्युत पारेषण केंद्र में 400 केवी की दो विद्युत लाइनें बदायूं से तथा दो लाइनें उरई (जनपद जालौन) से जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में प्रारंभ हुआ था, जिसमें 400 केवी स्तर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 220 केवी एवं 132 केवी स्तर के कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य 31 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद फर्रुखाबाद और कन्नौज की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे क्षेत्र में निर्बाध, सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित