फर्रुखाबाद , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी की अफवाहों के बीच जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को गैस गोदामों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने बलराम गैस सर्विस, जितेंद्र गैस सर्विस तथा राधा कृष्ण फिलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों के पहुंचने से जिले के पेट्रोल पंपों और गैस गोदामों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसी संचालकों से घरेलू गैस की उपलब्धता, बुकिंग से लेकर उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की डिलीवरी में लगने वाले समय की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने दी जाए।
इसके बाद अधिकारियों ने राधा कृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने के निर्देश दिए। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए कुछ चालकों के चालान भी किए गए और लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित