फर्रुखाबाद, अगस्त 16 -- उत्तर प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं को राज्य सरकार के बजट से अतिरिक्त लाभांश वितरण की घोषणा के तहत 17 अगस्त को प्रातः 10:00 बजे लोकभवन सभागार, लखनऊ में योगी आदित्यनाथ मुख्य मंत्री की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का जनपद फर्रुखाबाद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रवार में सजीव प्रसारण किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर के निर्देशानुसार कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए फर्रुखाबाद जिले में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिले की प्रत्येक विधानसभा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

विधानसभा फर्रुखाबाद सदर का कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में प्रातः 10:00 बजे आयोजित होगा, जिसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी, फर्रुखाबाद को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। विधानसभा भोजपुर में विकास खण्ड कमालगंज के सभागार कक्ष, विधानसभा अमृतपुर में विकास खण्ड राजेपुर के सभागार कक्ष तथा विधानसभा कायमगंज में विकास खण्ड कायमगंज के सभागार कक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों का समय प्रातः 10:00 बजे निर्धारित है।

फर्रुखाबाद जिले में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से न्यूनतम 100 से 150 उचित दर विक्रेताओं को आमंत्रित किया जाएगा तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आमंत्रित विक्रेताओं में समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व रहे। कार्यक्रम स्थल पर लाभार्थियों एवं उचित दर विक्रेताओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।

उत्तर प्रदेश केमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकभवन, लखनऊ में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम का जनपद के चिन्हित कार्यक्रम स्थलों पर सजीव प्रसारण दिखाए जाने के लिए एलईडी/टीवी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर उचित दर विक्रेताओं को अतिरिक्त लाभांश वितरण से संबंधित बैनर भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संबंधित उचित दर विक्रेताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित करते हुए उनके नाम, पिता का नाम एवं पते सहित विवरण प्राप्त कर लिया गया है। लाभार्थियों के आगमन आदि की व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। सभी संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित