फर्रुखाबाद , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले की सभी 545 ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) के तहत स्वच्छता संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए शासन के निर्देश पर 6.11 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में 545 ग्राम पंचायतों को क्रेडिट लिमिट के रूप में कुल छह करोड़ 11 लाख 21 हजार 880 रुपये की धनराशि समान अनुपात में उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतें अपनी ग्राम स्वच्छता कार्ययोजना के अंतर्गत रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) के निर्माण, सिल्ट कैचर, फिल्टर चैंबर, सोख्ता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप, खाद गड्ढा, लीच पिट, ई-रिक्शा, हैंडपंपों के सोकपिट, स्वच्छता किट, इंसीनेरेटर, कचरा पात्र, तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा एसएलडब्ल्यूएम से संबंधित अन्य स्वच्छता कार्यों पर करेंगी।
सूत्रों के अनुसार कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम सचिव तथा कंसल्टिंग इंजीनियर द्वारा कार्यों का सत्यापन किया जाएगा। इसके उपरांत सभी आवश्यक अभिलेख और विवरण एसएनए स्पर्श 2.0 पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित