भिण्ड , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव अनुभाग अंतर्गत गोरमी क्षेत्र में स्थित एक फर्नीचर दुकान में लगी भीषण आग में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात लगभग 2 बजे की है, जब दुकान में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय परिवार के सदस्य ऊपर की मंजिल पर सो रहे थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

धुएं के कारण दम घुटने से 53 वर्षीय सुनीता उपाध्याय की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं 9 वर्षीय लकी, 31 वर्षीय वासु और 55 वर्षीय अरुण उपाध्याय गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग 15 गाड़ियों के पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा फर्नीचर, सोफा, फ्रिज, टीवी सहित अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोरमी में रखवाया गया है। इस घटना में लगभग 90 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित