मुरैना , मई 12 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर कारोबारी को महिला द्वारा हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला समेत उसके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार फर्नीचर कारोबारी रमेश उर्फ पप्पू शिवहरे की करीब तीन माह पूर्व सोनम कुशवाह नामक महिला से मुलाकात हुई थी। महिला ने 10 मई को कारोबारी को फोन कर मनीष पेट्रोल पंप के पास फर्नीचर सेट करने और एसी फिटिंग के बहाने बुलाया।
बताया गया है कि कारोबारी के बताए गए स्थान पर पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद महिला और उसके साथियों ने उसे एक कमरे में बंद कर लिया। आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर मारपीट की और अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे दुष्कर्म प्रकरण में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की गई।
इधर कारोबारी के अचानक संपर्क से बाहर होने पर परिजन और परिचित उसकी तलाश में जुट गए। देर रात तक विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी को किसी अन्य स्थान पर ले जाने की तैयारी में थे।
डरे-सहमे कारोबारी से आरोपियों ने सोने की अंगूठी और जेब में रखे पांच हजार रुपए भी छीन लिए। विरोध करने पर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोपियों ने पुलिस को सूचना देने पर वीडियो वायरल करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।
उधर परिजन, मित्र और समाज के लोग पूरी रात कारोबारी की तलाश में सक्रिय रहे। कई संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद मामले का खुलासा हुआ।
जौरा थाना पुलिस ने पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर मुख्य आरोपी महिला समेत अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह पहले भी कई लोगों को इसी प्रकार निशाना बना चुका है। आरोपियों की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित