चंडीगढ़ , जून 24 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी एवं संगठन महासचिव बलतेज पन्नू ने विपक्षी दलों, विशेषकर शिरोमणि अकाली दल पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ फर्जी वीडियो और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे केवल मुख्यमंत्री को निशाना बनाने की राजनीति कर रहे हैं।

बुधवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से विपक्षी दल जानबूझकर भ्रम और शोर का माहौल बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अकाली दल के नेता एक-दूसरे के प्रचार को बढ़ावा देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया के सामने दो वीडियो प्रस्तुत करते हुए दावा किया कि अकाली दल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक वीडियो संपादित कर उसे भ्रामक रूप में प्रसारित किया। उन्होंने कहा कि मूल वीडियो फतेहगढ़ साहिब जिले के चनार्थल गांव का था, जहां मुख्यमंत्री महिलाओं के साथ संवाद कर रहे थे और उनसे सरकार की 'मावां-धीआं सत्कार योजना' के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता के उपयोग संबंधी सुझाव मांग रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यह एहसास हो चुका है कि वह विकास, सुशासन और जनकल्याण के मुद्दों पर आगामी चुनाव नहीं लड़ सकता। इसी कारण उसने फर्जी वीडियो और दुष्प्रचार को अपना राजनीतिक हथियार बना लिया है।

श्री पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के जनसंपर्क कार्यक्रमों को मिल रहे भारी जनसमर्थन से विपक्ष बौखला गया है। उन्होंने कहा कि जहां भी मुख्यमंत्री जाते हैं, वहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, जिससे विपक्षी दलों मंं बेचैनी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपनी अधिकांश चुनावी गारंटियों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के तीन महीने के भीतर मुफ्त बिजली की सुविधा शुरू कर दी गयी थी, जो लगातार जारी है। पंजाब सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हो रही है।

महिलाओं के लिए शुरू की गयी 'मावां-धीआं सत्कार योजना' का उल्लेख करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और लाभार्थी महिलाओं को एक जुलाई से भुगतान मिलना प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पहली किस्त में तीन महीने की राशि एक साथ दी जाएगी और इसके लिए सरकार ने पर्याप्त बजट का प्रावधान किया है।

श्री पन्नू ने कहा कि इस योजना की सफलता की संभावना ने विपक्ष को परेशान कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के बीच भ्रम फैलाकर योजना को रोकने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि उसे डर है कि योजना लागू होने के बाद उसकी राजनीति पूरी तरह खत्म हो जाएगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के लगातार पंजाब दौरे के बावजूद राज्य के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की गयी और न ही पंजाब के लंबित मुद्दों, विशेषकर केंद्र द्वारा रोकी गई राशि, पर कोई समाधान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि चाहे विपक्ष कितने भी फर्जी वीडियो बनाए, पंजाब के लोग सच्चाई को पहचानते हैं। राज्य की महिलाएं अच्छी तरह जानती हैं कि कौन उनकी भलाई के लिए काम कर रहा है और कौन उन्हें उनके अधिकारों से वंचित करना चाहता है।

श्री पन्नू ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने के साथ-साथ कई अतिरिक्त जनहितकारी फैसले भी लिये हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास वर्ष 2027 के लिए कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है, इसलिए वह झूठे प्रचार, फर्जी वीडियो और भय का माहौल बनाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग पहले की तरह भविष्य में भी विभाजनकारी और भ्रामक राजनीति को नकारते हुए विकास और जनकल्याण की राजनीति का समर्थन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित