गोरखपुर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शाहपुर पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कूटरचित वीजा और टिकट तैयार कर युवक से दो लाख 21 हजार 500 रुपये की ठगी करने के मामले में वांछित आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के अलावा रुपये वापस मांगने पर पीड़ित के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि शाहपुर थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धनंजय सिंह मूल रूप से ग्राम हरनाथपुर, ताड़ी बाजार, थाना अंदर, जिला सिवान, बिहार का निवासी है और वर्तमान में रोहिणी सेक्टर-05/12, मकान संख्या-13, मंगोलपुरी एन ब्लॉक, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली में रह रहा था।
आरोप है कि धनंजय सिंह ने पीड़ित को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और लीबिया तथा जॉर्डन में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके लिए आरोपी ने कूटरचित व फर्जी वीजा और टिकट तैयार कर पीड़ित को उपलब्ध कराए।
पुलिस के मुताबिक विदेश भेजने और नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने पीड़ित से अलग-अलग माध्यमों से कुल दो लाख 21 हजार 500 रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं की। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी कथित रूप से नाराज हो गया और उसके साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की। पीड़ित को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी और मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित