ग्वालियर , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट स्थित संभाजी राव का बंगला की करीब 10 हजार वर्गफीट संपत्ति को कथित फर्जी वसीयत के जरिए हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने संपत्ति की मालकिन तारा भोंसले के भाई की शिकायत पर एक महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिद्धार्थ हाइट, तानावडी, पुणे, महाराष्ट्र निवासी 80 वर्षीय राजेन्द्र कुमार उर्फ विजय कुमार भोंसले ने शिकायत की है कि उनकी अविवाहित बहन तारा भोंसले की 18 जनवरी 2018 को मृत्यु हो गई थी। उनकी मृत्यु के बाद संपत्ति की देखरेख के लिए जितेंद्र शर्मा को रखा गया था। शिकायत के अनुसार बाद में जितेंद्र शर्मा, उसकी पत्नी सुनीता शर्मा और अंजली भोंसले ने मिलकर 17 फरवरी 2017 की तारीख वाली कथित वसीयत तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास किया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार जितेंद्र शर्मा ने कथित वसीयत के आधार पर नगर निगम में नामांतरण के लिए आवेदन किया था। वहीं वसीयत की प्रमाणित प्रति करीब छह साल बाद 04 मार्च 2024 को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से निकाली गई। जांच में यह भी सामने आया कि वसीयत के नोटरी रजिस्टर का मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
पुलिस के अनुसार वसीयत के गवाहों में जितेंद्र शर्मा की पत्नी सुनीता और तारा भोंसले की देखभाल करने वाली नौकरानी अंजली भोंसले शामिल थीं। जांच में यह भी सामने आया कि तारा भोंसले की मृत्यु के करीब सात वर्ष बाद संपत्ति के नामांतरण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन परिस्थितियों के आधार पर वसीयत की वास्तविकता और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच की जा रही है।
जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि एफआईआर के बाद मूल वसीयत को एफएसएल और हस्तलेख विशेषज्ञ के पास जांच के लिए भेजा जा सकता है। नगर निगम के मूल रिकॉर्ड, नोटरी रजिस्टर, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच में लिया जाएगा। पुलिस के अनुसार उपलब्ध दस्तावेजों और बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध बनना पाया गया है, जबकि दस्तावेजों की अंतिम सत्यता विस्तृत विवेचना के बाद तय होगी।
मुरार पुलिस ने राजेन्द्र कुमार उर्फ विजय कुमार भोंसले की शिकायत पर जितेंद्र शर्मा, उसकी पत्नी सुनीता शर्मा और अंजली भोंसले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 338, 318(4), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित