भिण्ड , मई 13 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मालनपुर स्थित गौतम सोलर प्लांट में अवैध मुरम सप्लाई का मामला सामने आया है। खनिज विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना वैध रॉयल्टी के परिवहन कर रहे 14 भारी वाहनों को पकड़ा है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पकड़े गए वाहनों में आठ डंपर, पांच ट्रैक्टर और एक लोडर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों ने मुरैना जिले के शनिचरा क्षेत्र की रॉयल्टी रसीदें प्रस्तुत कीं। जांच में सामने आया कि शनिचरा क्षेत्र में केवल पत्थर की खदानें संचालित हैं, जिससे रसीदों को संदिग्ध माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि मुरम ग्वालियर जिले के गिरगांव क्षेत्र के पहाड़ों से अवैध रूप से उत्खनन कर सोलर प्लांट तक पहुंचाई जा रही थी। जांच के दौरान कई डंपरों के पास फिटनेस, बीमा और परिवहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज भी नहीं पाए गए। जिला माइनिंग अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा ने बताया कि सभी 14 वाहनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फर्जी रॉयल्टी रसीदों के उपयोग और अवैध खनन से जुड़े पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित