अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अलवर जिले के खेड़ली में बहुचर्चित फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरी घोटाले में लंबे समय से फरार स्थाई वारंटी जयप्रकाश उर्फ जेपी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि आरोपी जेपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

उन्होंने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया है कि आरोपी जेपी, उसके पिता उदयचंद शर्मा और उसके भाई भूपेंद्र शर्मा ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत खेड़ली स्थित मोहन ऑफसेट प्रिंटर्स से फर्जी मेडिकल पेंशनर्स डायरियां छपवाई थीं। इन फर्जी डायरियों के जरिए राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया और आरोपियों ने अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित किया।

एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जयप्रकाश इस पूरे फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी भूपेंद्र शर्मा का भाई है, जबकि उसके पिता उदयचंद शर्मा को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में जयप्रकाश की भूमिका भी स्पष्ट होने पर उसके खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद वह लगातार फरार था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित