अलवर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर उपखंड क्षेत्र में खेडली तर्फ रेला ग्राम पंचायत में कथित फजी मतदान के चलते विवाद का मामला सामने आया है।

ग्रामीणों ने फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए मतदान एजेंटों द्वारा कथित फर्जी मतदाताओं को पकड़े जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

इसी दौरान प्रत्याशी महेश कुमार की माता के साथ धक्कामुक्की और लाठी से मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। घटना में घायल महिला को पहले कठूमर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते अलवर भेज दिया गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और दोबारा मतदान कराने की मांग की। इस संबंध में प्रत्याशी सहित अन्य लोगों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। इस पर उन्होंने जांच का आश्वासन दिया है।

घटना से नाराज ग्रामीण सड़क पर धरने पर बैठ गए और जिला कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर भरतपुर सांसद संजना जाटव मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से बातचीत करके उन्हें समझाने का प्रयास किया। सांसद ने जिला कलेक्टर से भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं और महिला के साथ कथित मारपीट को लेकर पुनर्मतदान की मांग की है।

सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन ने फिलहाल पुनर्मतदान की मांग स्वीकार नहीं की है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित