ग्वालियर , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के उटीला थाना क्षेत्र में तीन अज्ञात युवकों ने फर्जी ऑनलाइन भुगतान का संदेश दिखाकर एक किराना व्यापारी से लगभग 27 हजार रुपये का सामान लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार उटीला निवासी 50 वर्षीय किराना व्यापारी नंदकिशोर पाठक की दुकान पर नौ जुलाई की शाम तीन युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पहुंचे। उन्होंने करीब 27 हजार 20 रुपये का सामान खरीदा, जिसमें विभिन्न ब्रांड की सिगरेट और राजश्री के पैकेट शामिल थे।
भुगतान के समय एक युवक ने व्यापारी का मोबाइल नंबर लेकर अपने फोन पर 27 हजार 20 रुपये का भुगतान सफल होने का कथित स्क्रीनशॉट दिखाया। व्यापारी बैंक खाते की पुष्टि कर पाता, इससे पहले ही तीनों युवक सामान लेकर मुरार की ओर फरार हो गए। बाद में बैंक खाते की जांच करने पर भुगतान प्राप्त नहीं होने का पता चला, जिसके बाद व्यापारी ने उटीला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित