गोरखपुर , मई 03 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद के कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र में जमीन की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के आरोप में 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप कुमार श्रीवास्तव निवासी जटेपुर उत्तरी थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है। वह काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से बैनामा हो चुकी जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उसे एक महिला को बेच दिया। जब पीड़िता को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने कैम्पियरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर वर्ष 2024 में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है साथ ही इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित