प्रतापगढ़ , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 मे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित का फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी हासिल करने वाले आठ आरक्षियो की सेवा समाप्त कर दी गयी है।
नगर कोतवाली में इन आरक्षियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शुक्रवार देर शाम यह कार्यवाही की गयी है। अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जिन आठ आरक्षियों के सेवा समाप्त की गयी है, वे सभी मिर्जापुर जिले के है, इनमे अभिषेक पान्डेय , रवि शंकर , शुभम दुबे , अजय कुमार , प्रदीप कुमार , खुशबू गुप्ता , आकाश मिश्रा , दिव्यांशु यादव का नाम शामिल है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि अलग अलग जिलों की पुलिस लाईन मे प्रशिक्षण पाने के बाद आरोपी अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रतापगढ़ मे हुयी थी। प्रयागराज के अल्लापुर निवासी अधिवक्ता अभय राज सिंह ने मिर्जापुर जिले के आरक्षी शुभम दुबे के खिलाफ बांदा पुलिस से शिकायत की थी। बांदा पुलिस ने जांच रिपोर्ट पुलिस लाईन प्रतापगढ़ को भेजी थी।
सीओ लाईन ने अभ्यर्थियों का सत्यापन कर रिपोर्ट सीओ सिटी को सौंपी थी जिन्होने संदिग्ध मिले अभ्यथियों के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र जांच के लिये सम्बंधित जिले को भेजे जो कूट रचित मिले। मामले मे पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस लाईन के एस आई राजेश यादव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गयी , इसके बाद एसपी ने इन आठ आरक्षियो की सेवा समाप्त कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित