भदोही , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कराकर धन के बदले चिकित्सा स्नातक (एमबीबीएस) में दाखिला दिलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को ज्ञानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिर्जापुर निवासी नितीश कुमार दुबे (36) पुत्र अमरेश चंद्र दुबे के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2025 को ज्ञानपुर थाने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के अस्तित्व संबंधी प्रमाणपत्र के कूटरचित होने की शिकायत मिली थी। मामले की विवेचना के दौरान फर्जी प्रमाणपत्र तैयार करने वाले गिरोह के सदस्य शुभम सिंह को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों के परिजनों से पूछताछ में गिरोह के सरगना संजय दुबे का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पूछताछ में नितीश ने पुलिस को बताया कि गिरोह फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को एमबीबीएस में चयनित कराने तथा विभिन्न सरकारी नौकरियों में भर्ती कराने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2023 की पुलिस सीधी भर्ती में भी फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रमाणपत्र के जरिए एक अभ्यर्थी का चयन कराने का मामला सामने आया था। इस मामले में गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

पुलिस ने बताया कि ज्ञानपुर थाने में मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) तथा बाद में धारा 61(2) की बढ़ोतरी की गई है। मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित