चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सहायक उपनिरीक्षक हरजीत सिंह की हत्या के बाद पुलिस के नाम से प्रसारित कथित फर्जी परामर्श और ऑडियो को कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग तथा अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने बिना सत्यापन के साझा किया।

श्री पन्नू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि संबंधित ऑडियो फर्जी है और इसे तथ्यों की पुष्टि किए बिना लगातार प्रसारित किया जा रहा है। उन्होंने राजा वडिंग और श्री मजीठिया पर आरोप लगाया कि उन्होंने ऑडियो की प्रामाणिकता और तथ्यों की जांच किए बिना इसे सोशल मीडिया पर साझा किया। पंजाब पुलिस मुख्यालय ने भी तथ्य-जांच जारी करते हुए कहा कि पुलिस मुख्यालय या उसके अधीन किसी अन्य कार्यालय ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर आते-जाते समय वर्दी नहीं पहनने या सादे कपड़ों में आवागमन करने का कोई परामर्श जारी नहीं किया है।

श्री पन्नू ने कहा कि पुलिस के आधिकारिक स्पष्टीकरण के बाद संबंधित नेताओं को कथित ऑडियो और परामर्श की वास्तविकता स्पष्ट करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित