चंदौली , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली की धीना पुलिस ने फर्जीवाड़ा कर जमीन की वरासत अपने नाम दर्ज कराने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को ग्राम इनायतपुर से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, नेहा कुमारी पुत्री ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी माता स्वर्गीय रत्नी देवी के नाम मौजा पसाई, परगना नरवन, तहसील व जिला चंदौली में कृषि भूमि दर्ज थी। आरोप है कि मृतका के भतीजे दिलीप कुमार राजभर ने कूटरचित पहचान पत्र और फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की वरासत अपने नाम करा ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 10-12 वर्ष की उम्र से अपनी बुआ के घर रह रहा था। बुआ और फूफा की मृत्यु के बाद उसने कथित तौर पर कूटरचित पहचान पत्र के आधार पर जमीन की वरासत अपने नाम दर्ज करा ली।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार देर रात ग्राम इनायतपुर से दिलीप कुमार राजभर (28) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम निकृष, पोस्ट रामपुर, थाना राजपुर, जिला बक्सर (बिहार) का रहने वाला है और वर्तमान में इनायतपुर में रह रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित