प्रतापगढ़ , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में फर्जी पता दर्शाकर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले एक छात्र के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई मेडिकल कॉलेज प्रशासन की तहरीर के आधार पर की गई है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उदूपुर निवासी बताए गए छात्र रोमित राज ने डॉ. सोने लाल पटेल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लिया था। प्रवेश के दौरान प्रस्तुत किए गए अभिलेखों के सत्यापन में छात्र का पता संदिग्ध पाए जाने पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इसकी सूचना जौनपुर जिला प्रशासन को दी थी।
जिलाधिकारी जौनपुर के निर्देश पर कराई गई जांच में छात्र द्वारा प्रस्तुत किया गया पता गलत पाया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इसकी जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को उपलब्ध कराई गई।
पुलिस के अनुसार, फर्जी पता दर्शाने के आरोप की पुष्टि होने पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सोमनाथ ने छात्र रोमित राज को कॉलेज से निष्कासित कर दिया। इसके बाद प्राचार्य की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित