हनुमानगढ़ , जून 03 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाने में एक युवती के खिलाफ फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी पाने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के आदेश पर जयपुर में एसओजी पुलिस थाना के कार्यवाहक प्रभारी वेदप्रकाश द्वारा दी गयी रिपोर्ट और हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सलेमगढ़ मसानी गांव की निवासी नोज कंवर के खिलाफ मंगलवार को मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक हंसराज लूणा ने बुधवार को बताया कि नोज कंवर पर आरोप है कि उसने सरकारी विभाग में नौकरी प्राप्त करने के लिए अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र पेश किया था। प्रमाण पत्र के मुताबिक उसकी श्रवण शक्ति 40 प्रतिशत से भी अधिक कमजोर थी। सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता का मापदंड निर्धारित है। एसओजी ने जब मेडिकल बोर्ड से नोज कंवर की श्रवण शक्ति का परीक्षण करवाया तो उसकी रिपोर्ट में श्रवण शक्ति सिर्फ 16.6 प्रतिशत ही कमजोर बताई गयी। थाना प्रभारी ने कहा कि अब जांच करने पर पता चलेगा की नोज कर ने 40 प्रतिशत से भी अधिक अपनी श्रवण शक्ति कमजोर होने का प्रमाण पत्र कहां से बनवाया था और यह प्रमाण पत्र किसने बनकर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित