भिण्ड , जून 26 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की रौन थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक किसान की कृषि भूमि अपने और अपने परिजनों के नाम कराने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इंदुर्खी गांव निवासी मुन्ना खां ने बिरौना गांव निवासी महादेव सिंह के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर कर आरोप लगाया था कि आरोपी ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि की रजिस्ट्री अपने और अपने परिजनों के नाम करा ली। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी और अन्य के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी महादेव सिंह को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपी फरियादी को कथित रूप से धमका रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के क्षेत्र में प्रभाव को देखते हुए गिरफ्तारी के बाद उसका बिरौना और इंदुर्खी गांव में जुलूस निकाला गया, ताकि लोगों में कानून के प्रति विश्वास बढ़े और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे। इसके बाद आरोपी को रौन थाना लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई और न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित